पहली ही बारिश में रायपुर रेलवे स्टेशन की खुली पोल, प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर जलभराव, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : रायपुर – दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल स्थित राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन का हाल देखिए। पहली ही बारिश में स्टेशन की व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आई। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बारिश का पानी भर गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पानी के बीच से होकर यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचना पड़ा और कई लोग भीगते हुए सफर करने को मजबूर दिखे। प्रदेश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल रायपुर स्टेशन की यह तस्वीर रेलवे की मानसून तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है।
बारिश शुरू होते ही रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर जलभराव की स्थिति बन गई। प्लेटफॉर्म के कई हिस्सों में पानी जमा हो गया, जिससे यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई। हाथों में सामान और बच्चों के साथ सफर कर रहे यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। जलभराव के कारण फिसलन की स्थिति भी बन गई, जिससे हादसे का खतरा बना रहा।
हर दिन हजारों यात्रियों की आवाजाही वाले इस स्टेशन पर पहली ही बारिश में सामने आई यह अव्यवस्था रेलवे की तैयारियों की हकीकत बयां कर रही है। यात्रियों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान ऐसी समस्या सामने आती है, लेकिन इसके बावजूद जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की जाती। ऐसे में सवाल यही है कि जब राजधानी के प्रमुख रेलवे स्टेशन का यह हाल है, तो अन्य स्टेशनों की स्थिति कैसी होगी। अब सभी की नजर रेलवे प्रशासन पर है कि वह इस समस्या का स्थायी समाधान कब तक करता है।




