मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कलेक्टर कॉन्फ्रेंस शुरू : सुशासन, पारदर्शिता और जनहित योजनाओं पर मंथन, धान खरीदी को दिए ये निर्देश

रायपुर – रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में कलेक्टर कॉन्फ्रेंस की अहम बैठक शुरू हो गई है। बैठक तय समय से पहले ही शुरू हुई, जिसमें मुख्य सचिव, विभागीय सचिव, संभागायुक्त और सभी जिलों के कलेक्टर मौजूद हैं।
बैठक में सुशासन, पारदर्शिता और जनहित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर मंथन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने शासकीय योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।
आगामी धान खरीदी सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों का एक-एक दाना धान सरकार खरीदेगी। उन्होंने कहा कि किसान पोर्टल में सभी किसानों का पंजीयन शत-प्रतिशत समय पर पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने उन जिलों की भी समीक्षा की, जहां पंजीयन की प्रगति धीमी है। साथ ही यह भी कहा कि दूरस्थ अंचलों में नेटवर्क की समस्या होने पर विशेष शिविर लगाकर पंजीयन कार्य पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा — शासन की योजनाएं तभी सार्थक होंगी जब वे हर किसान, हर नागरिक तक पारदर्शिता और प्रभाव के साथ पहुंचें। बैठक फिलहाल मंत्रालय में जारी है।




