बारिश ने रोकी ट्रेनों की रफ्तार, बिलासपुर स्टेशन जलमग्न, कई ट्रेनें रद्द

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेल संचालन पर भी पड़ने लगा है। रेलवे स्टेशन और यार्ड में ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण कई मेमू ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए पांच ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि तीन ट्रेनों को बीच रास्ते से ही समाप्त या शुरू किया गया है।
बिलासपुर में आफत की बारिश ने अब रेलवे की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म से लेकर मुख्य रेलवे ट्रैक इस समय पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। पटरियां पानी में इस कदर डूबी हैं कि ट्रेनों के पहिए थमने की नौबत आ गई है। जब ट्रेनें प्लेटफॉर्म पर पहुंच रही हैं, तो पानी डिब्बों के पायदान तक छू रहा है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने प्रभावित ट्रैकों पर ट्रेनों की स्पीड बेहद धीमी कर दी है।
जलभराव के कारण कुछ स्थानीय ट्रेनें रद्द की गई हैं, तो कई एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। हालांकि, रेलवे की टीमें पंपों के जरिए पानी निकालने में जुटी हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले हेल्पलाइन 139 पर अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें।



