बिलासपुर

कलयुगी बेटे का खूनी खेल, लकवाग्रस्त पिता को डंडे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। नवागांव गिरजाबंद में नशे में धुत एक बेटे ने अपने 65 वर्षीय लकवाग्रस्त पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि पिता की हत्या के बाद आरोपी अपनी मां को भी मारने के इरादे से निकल पड़ा, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक और बड़ी वारदात टल गई। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Advertisement

रतनपुर थाना क्षेत्र के नवागांव गिरजाबंद गांव में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी शिवचरण सूर्यवंशी नशे की हालत में अपने घर पहुंचा। किसी बात को लेकर उसका अपने 65 वर्षीय लकवाग्रस्त पिता से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि उसने घर में रखे डंडे से अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से निकल गया, जबकि घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस जांच में सामने आया कि पिता की हत्या के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ था। वह अपनी मां की हत्या करने के इरादे से उस घर की ओर निकल पड़ा, जहां उसकी मां अपनी बेटी के यहां रह रही थी। मामले की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और आरोपी का पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो एक और बड़ी घटना हो सकती थी।

Advertisement

घटना की सूचना पर एफएसएल टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में नशे की हालत में हुए विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

Related Articles

Back to top button