पिछले कृत्य की मिली सजा, जोन कमिश्नर अनुभव सिंह सस्पेंड….

(दिलीप जगवानी) : बिलासपुर – नगरीय प्रशासन एवं विकास विभागने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम बिलासपुर के जोन क्रमांक 5 मे जोन कमिश्नर अनुभव सिंह को निलंबित कर दिया है. नगरीय प्रशासन विभाग के अवर सचिव द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नगरीय प्रशासन क्षेत्रीय कार्यालय रहेगा.
यह कार्रवाई उनके पूर्व में नगर पालिका परिषद मुंगेली में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के रूप में पदस्थ रहते हुए लेबर सप्लाई टेंडर में गंभीर अनियमितताओं के आरोपों की पुष्टि होने के बाद की गई है.नगर पालिका मुंगेली में कार्यरत रहते हुए अनुभव सिंह के कार्यकाल में लेबर सप्लाई टेंडर की प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर नियमों की अनदेखी और वित्तीय गड़बड़ी सामने आई थी।
इस पर शासन ने 9 अप्रैल 2024 को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। शासन को दिए गए उनके जवाब में तथ्यों और आरोपों पर संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया। इसके बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए। जांच में टेंडर प्रक्रिया में नियमों का उल्लंघन, पारदर्शिता की कमी और वित्तीय अनियमितताएं साबित हुई।




