सोशल मीडिया पर लाइटर पिस्टल संग फोटो पोस्ट करना पड़ा भारी, युवक पर पुलिस की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियार जैसी वस्तु के साथ फोटो पोस्ट कर दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में टिकरापारा थाना पुलिस ने लाइटर पिस्टल के साथ फोटो अपलोड करने वाले एक युवक पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक ने सोशल मीडिया पर लाइटर पिस्टल के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट की है। जांच के दौरान युवक की पहचान मठपुरैन बीएसयूपी कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय राहुल छतरी के रूप में हुई। पूछताछ में सोशल मीडिया पर लाइटर पिस्टल के साथ फोटो पोस्ट करने की पुष्टि हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे सहायक पुलिस आयुक्त न्यायालय के समक्ष पेश किया। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियार या हथियार जैसी वस्तुओं के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



