6 माह से फरार सूदखोर वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी गिरफ्तार, ग्वालियर से रायपुर पुलिस ने दबोचा, एसएसपी ने किया खुलासा

रायपुर – छह महीने से फरार चल रहे सूदखोर और हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मध्यप्रदेश के ग्वालियर से पकड़ा गया है।
थाना तेलीबांधा और पुरानी बस्ती थाने में आरोपी वीरेंद्र तोमर के खिलाफ मारपीट, अवैध संपत्ति, आर्म्स एक्ट और करोड़ों रुपये की अवैध वसूली से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने “विस्टों फाइनेंस” नाम से एक ग्रुप बनाकर करोड़ों रुपये की वसूली का नेटवर्क तैयार किया था।
पुलिस की टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी, लेकिन वीरेंद्र तोमर लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल नहीं कर रहा था। विशेष टीमों को राजस्थान, हरियाणा और ग्वालियर भेजा गया था। आखिरकार पुलिस ने ग्वालियर में आरोपी को लोकेट कर उसे दबोच लिया।
आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर ने इनाम की घोषणा की थी। अब पुलिस वीरेंद्र तोमर से पूछताछ कर रही है, वहीं उसका भाई रोहित तोमर अब भी फरार है। पुलिस उसके ठिकाने की तलाश में जुटी हुई है।




