पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, पत्नी ने ही की थी पति की हत्या

जशपुर – एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए जशपुर पुलिस ने बड़ा कोरंजा गांव में हुई हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस हत्या में मृतक की पत्नी ही दोषी पाई गई है।
जानिए क्या है पूरा मामला :
दिनांक 16 मार्च 2025 को बड़ा कोरंजा निवासी बीरबल मिंज (52 वर्ष) की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। मृतक के बेटे स्वदीप मिंज (25 वर्ष) ने सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पिता का शव गांव के ही एक व्यक्ति सेमरन टोप्पो के घर के आंगन में मिला था। शव के माथे से खून बह रहा था, जिससे हत्या की आशंका जताई गई।
कैसे हुआ खुलासा?
जशपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर फॉरेंसिक टीम और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह पाया कि बीरबल मिंज की मौत अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक शराब का आदी था और अक्सर घर से गायब रहता था। वह शराब पीने के लिए घर में रखा धान चुराकर बेच देता था, जिससे पत्नी सुसैना मिंज (50 वर्ष) नाराज रहती थी।
पत्नी ने कबूला जुर्म
जांच में जब पुलिस ने सुसैना मिंज से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। आरोपिया ने बताया कि घटना वाले दिन जब उसने देखा कि उसका पति फिर से धान चुराकर शराब पीने गया है, तो गुस्से में आकर उसने लकड़ी के डंडे से उसके सिर और हाथ पर हमला किया और घर लौट आई।
जशपुर पुलिस ने आरोपिया सुसैना मिंज को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त डंडे को भी जब्त कर लिया है। मामले में पर्याप्त सबूत मिलने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




