प्रताड़ना से तंग आकर नाबालिग बेटी ने ली पिता की जान…..

जशपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 15 वर्षीय नाबालिग बालिका ने अपने ही पिता की टांगी से वार कर हत्या कर दी। घटना थाना बागबहार क्षेत्र के एक गांव की है।
घटना की जानकारी 22 अप्रैल को मिली, जब गांव के एक व्यक्ति का शव उसके खाट पर खून से लथपथ अवस्था में मिला। प्रारंभिक जांच में पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने टांगी से सिर पर वार कर हत्या की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि मृतक शराब का आदी था और रोज अपनी पत्नी और बेटी के साथ मारपीट करता था। इस प्रताड़ना से तंग आकर मृतक की पत्नी मायके चली गई थी। उसी रात करीब 9 बजे मृतक नशे में घर लौटा और बेटी से झगड़ा करने लगा। इस दौरान बेटी ने घर में रखी टांगी से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
बालिका ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उसे संरक्षण में लेकर किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी भी जब्त कर ली है।
इस पूरे मामले की जांच एफएसएल अधिकारी की मौजूदगी में की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक शर्मा, स.उ.नि. एन.पी. साहू, आरक्षक राजेन्द्र रात्रे और महिला आरक्षक पूनामनी बाई की विशेष भूमिका रही।




