जशपुर

ऑपरेशन शंखनाद : 35 गौवंश तस्करों के चंगुल से कराए गए मुक्त, तीन गिरफ्तार….

जशपुर पुलिस को ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना फरसाबहार क्षेत्र में 35 नग गौ वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Advertisement

घटना 19 मई की है, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम डांगीमुंडा से कुछ लोग 35 गौ वंशों को जंगल के रास्ते बेरहमी से मारते-पीटते हुए सिखजोर (उड़ीसा) की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फरसाबहार पुलिस ने मरघटी चौक के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ा और गौ वंशों को सकुशल छुड़ाया।

Advertisement

गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं – लम्बोदर यादव (37 वर्ष), पीताम्बर चौहान (35 वर्ष), और लडढू राऊत (55 वर्ष), तीनों जशपुर जिले के निवासी हैं। इन पर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि सभी गौवंश लम्बोदर यादव के थे और उन्हें उड़ीसा ले जाया जा रहा था। सभी पशुओं का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया गया, जो सुरक्षित हैं।

आपको बता दें कि जशपुर में चल रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत अब तक 875 गौ वंशों को मुक्त कराया जा चुका है और 120 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा है कि तस्करी के खिलाफ यह अभियान पूरी ताकत के साथ लगातार जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी फरसाबहार श्री विवेक कुमार भगत सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button