हेरोइन सप्लाई गिरोह पर पुलिस की कार्रवाई, दुर्ग के तस्कर समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन यानी चिट्टा की सप्लाई करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दुर्ग का एक तस्कर भी शामिल है।पुलिस के मुताबिक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नरैय्या तालाब स्थित सुलभ शौचालय के पास कुछ संदिग्ध युवक हेरोइन लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी की।
पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 11 ग्राम 990 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर सिंह निवासी भिलाई दुर्ग, मोहम्मद अयान निवासी संजय नगर टिकरापारा, उबैद रजा निवासी बैजनाथपारा और मोहम्मद सरीफ निवासी बैरनबाजार रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में नारकोटिक एक्ट की धारा 21(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचा जा सके।




