बिलासपुर

साइबर ठगी नेटवर्क पर पुलिस की कार्यवाई, म्यूल अकाउंट सिंडिकेट के 3 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर की तारबाहर पुलिस ने साइबर अपराध के बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए “म्यूल अकाउंट सिंडिकेट” से जुड़े तीन आरोपियों को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराते थे और इनके खातों के खिलाफ देशभर में 60 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हैं।

Advertisement

तारबाहर थाना पुलिस ने अप.क्र. 155/2026 में कार्रवाई करते हुए नवनीत मिश्रा उर्फ विक्की पंडित, ऋषभ साहू और राजा घरानी को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी सरगुजा जिले के अंबिकापुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। इससे पहले पुलिस ने इसी मामले में दीपेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया था, जिसके मोबाइल से मिले डिजिटल इनपुट के आधार पर इस नेटवर्क का खुलासा हुआ।

Advertisement

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी व्हाट्सएप और मोबाइल के जरिए लोगों के बैंक खातों की जानकारी साझा कर “म्यूल अकाउंट” नेटवर्क चला रहे थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर करने और निकालने में किया जाता था। प्रारंभिक जांच में इन खातों के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 60 से अधिक साइबर फ्रॉड शिकायतें मिलने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार ऐसे म्यूल अकाउंट सिंडिकेट साइबर अपराधियों के “स्लीपर सेल” की तरह काम करते हैं, जो कमीशन के बदले बैंक खाते उपलब्ध कराकर ठगी की रकम को तेजी से इधर-उधर ट्रांसफर करते हैं। इससे असली साइबर अपराधियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मोबाइल और बैंक ट्रांजेक्शन की तकनीकी जांच जारी है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, वहीं तारबाहर पुलिस साइबर ठगी के इस नेटवर्क की गहराई से जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button