ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के बड़े सिंडिकेट पर पुलिस की बड़ी कार्यवाई, 1 करोड़ से ज्यादा कैश जब्त, हवाला नेटवर्क से ब्लैक मनी हो रही थी व्हाइट

रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के संगठित सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में करन चौधरी, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार रुपये से ज्यादा नकदी, नोट गिनने की मशीन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
दरअसल आईपीएल सट्टे के खिलाफ पहले हुई कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि करन चौधरी रायगढ़ से लेकर रायपुर, बिलासपुर और दिल्ली तक फैले ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि सट्टे से कमाई गई ब्लैक मनी को हवाला के जरिए व्हाइट किया जा रहा था। आरोपी अपने निजी खातों के बजाय परिचितों और कर्मचारियों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहे थे ताकि जांच एजेंसियों से बचा जा सके। पुलिस को डिजिटल ट्रांजेक्शन, चैट रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन के कई अहम सबूत मिले हैं।
रायगढ़ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के साथ संगठित अपराध की धाराओं में मामला दर्ज किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में सट्टा, हवाला और आर्थिक अपराध से जुड़े हर नेटवर्क पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




