पंजाब से बिलासपुर पहुंची हेरोइन सप्लाई चेन का भंडाफोड़, हेरोइन के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार

बिलासपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय नशीले पदार्थ तस्करी गिरोह का बड़ा खुलासा करते हुए पंजाब से छत्तीसगढ़ में हेरोइन सप्लाई करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 97 ग्राम हेरोइन, कार, स्कूटी, मोबाइल फोन और नगदी जब्त की है।मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास एक अल्टो कार में कुछ लोग हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस ने घेराबंदी कर कार की जांच की।
तलाशी के दौरान कार में मौजूद बैग से प्रतिबंधित नशीला पदार्थ हेरोइन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह निवासी अमृतसर पंजाब बताया, जो बिलासपुर में हेरोइन सप्लाई करने पहुंचे थे। वहीं मुंगेली के रहने वाले तीन युवक शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, अमित डाहिरे और अवि पाठक खरीदार के रूप में मिले।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 97.63 ग्राम हेरोइन, एक अल्टो कार, एक स्कूटी, पांच मोबाइल फोन और 57 हजार 800 रुपये नगद जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 38 हजार रुपये बताई जा रही है, एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



