मनगटा रिसॉर्ट्स पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 200 जवानों के साथ देर रात चला सघन जांच अभियान

राजनांदगांव के मनगटा वन चेतना क्षेत्र में युवती की संदिग्ध मौत और दुष्कर्म मामले के बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। लगातार मिल रही शिकायतों के बीच रविवार देर रात करीब 200 पुलिस जवानों और अधिकारियों ने क्षेत्र के विभिन्न रिसॉर्ट्स में एक साथ सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान ठहरे हुए लोगों के पहचान पत्र, दस्तावेज और आगंतुकों के रिकॉर्ड की जांच की गई।
गौरतलब है कि 18 जून को व्हिसलिंग वुड रिसॉर्ट में एक युवती की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था। जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने रिसॉर्ट संचालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। घटना के बाद से इलाके में अनैतिक और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके चलते पुलिस ने यह व्यापक कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों ने सभी रिसॉर्ट संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का रिकॉर्ड नियमानुसार रखें, पहचान पत्रों का सत्यापन करें और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी रिसॉर्ट में नियमों के उल्लंघन, अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




