बिलासपुर

शातिर चोर पकड़ाया, बदल रहा था ठिकाना….

बिलासपुर की तोरवा पुलिस ने एक शातिर और आदतन चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी दुकानों के शटर और ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। घटना के बाद वह हरियाणा और दमन में लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक 26 जुलाई 2025 की रात पावर हाउस चौक स्थित एक किराना दुकान का शटर तोड़कर करीब 10 से 12 हजार रुपए नगद चोरी कर लिए गए थे। मामले में शिकायत मिलने के बाद तोरवा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

Advertisement

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो युवक चोरी करते दिखाई दिए। इनमें से एक की पहचान नैतिक उर्फ गणेश उर्फ चुचरू प्रधान के रूप में हुई। पुलिस को पता चला कि घटना के बाद आरोपी फरार होकर हरियाणा और दमन में लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।

 

साइबर सेल की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी वापस बिलासपुर लौटा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ में आरोपी ने तोरवा की चोरी सहित अकलतरा क्षेत्र में कई दुकानों के ताले तोड़ने, कपड़ा दुकान में चोरी, मोटरसाइकिल चोरी और रेलवे स्टेशन में मोबाइल लूट जैसी घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस ने चोरी किए गए कपड़े भी बरामद किए हैं।

 

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी था। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button