पीएम मोदी करेंगे छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण, परंपरा और आधुनिकता का संगम बनेगा यह भव्य भवन

रायपुर – आज छत्तीसगढ़ के इतिहास में जुड़ने जा रहा है एक नया अध्याय। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 1 नवम्बर को छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण करेंगे। राज्य के गठन के 25 वर्ष बाद, रजत जयंती वर्ष में प्रदेश को अपना भव्य, आधुनिक और पूर्ण सुविधायुक्त स्थायी विधानसभा भवन मिलने जा रहा है।
राजधानी रायपुर में स्थित यह नया विधानसभा भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रतीक है। ‘धान का कटोरा’ कहलाने वाले राज्य की पहचान को इसकी वास्तुकला में बखूबी पिरोया गया है। सदन की सीलिंग पर धान की बालियाँ और पत्तियाँ उकेरी गई हैं, वहीं बस्तर के शिल्पकारों द्वारा तैयार दरवाजे और फर्नीचर इसकी परंपरागत सुंदरता को और बढ़ाते हैं।
324 करोड़ रुपए की लागत से बना यह विशाल परिसर 51 एकड़ में फैला है। भवन को तीन विंग—ए, बी और सी में विभाजित किया गया है, जिसमें सदन, सचिवालय, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय, और मंत्रियों के कक्ष शामिल हैं।
यह भवन पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल है — इसमें सोलर प्लांट, वर्षा जल संचयन के लिए सरोवर और हरित तकनीक का उपयोग किया गया है। साथ ही पेपरलेस संचालन की सुविधा इसे ‘स्मार्ट विधानसभा’ बनाती है।
भवन में 500 सीटर ऑडिटोरियम और 100 सीटर सेंट्रल हॉल भी बनाए गए हैं। यह न केवल एक प्रशासनिक केंद्र होगा, बल्कि राज्य की तीन करोड़ जनता की आकांक्षाओं और आत्मगौरव का प्रतीक भी बनेगा।
आज प्रधानमंत्री मोदी के इस ऐतिहासिक लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, राज्यपाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
आज का दिन छत्तीसगढ़ के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा — जब लोकतंत्र का नया और गौरवशाली अध्याय लिखा जाएगा।




