रायगढ़

खरसिया से चोरी हुई कार दिल्ली से बरामद, कार मैकेनिक गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के खरसिया से चोरी हुई वेन्यू कार को दिल्ली से बरामद करते हुए पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से कार मैकेनिक है, जिसने पहले से डुप्लीकेट चाबी तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया था।

Advertisement

मामला 6 मई 2026 का है, जब खरसिया निवासी संदीप कुमार ने अपनी वेन्यू कार घर के सामने से चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में कार को एक होटल तक जाते देखा गया। होटल में जमा दस्तावेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस मोहम्मद आमिर तक पहुंची, जिसकी लोकेशन दिल्ली में मिली।

Advertisement

जांच में पता चला कि वाहन की पहले दिल्ली में मरम्मत कराई गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कार की डुप्लीकेट चाबी तैयार कर ली थी। पुलिस टीम तत्काल दिल्ली रवाना हुई और तीन दिन की पतासाजी के बाद आरोपी मोहम्मद आमिर को हिरासत में लिया।

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जीपीएस सिस्टम की जानकारी होने के कारण योजनाबद्ध तरीके से खरसिया पहुंचा और कार चोरी कर दिल्ली ले गया। आरोपी ने कार की मूल नंबर प्लेट बदलकर दिल्ली की नंबर प्लेट लगा दी थी और वाहन को डेंट-पेंट कर दूसरे राज्य में बेचने की तैयारी कर रहा था।

 

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली के एमसीडी पार्किंग क्षेत्र से करीब 6 लाख रुपये की चोरी गई वेन्यू कार बरामद कर ली। आरोपी को दिल्ली कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर रायगढ़ लाया गया, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

 

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, रायगढ़ पुलिस तकनीकी जांच और प्रोफेशनल पुलिसिंग के जरिए उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचाएगी। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button