मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 19 घायल, एक की हालत गंभीर

सूरजपुर जिले के नेवरा इलाके में मजदूरों को लेकर जा रही एक पिकअप वाहन सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 19 मजदूर घायल हो गए, जबकि एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में करीब 30 मजदूर सवार थे। सभी मजदूर काम के सिलसिले में जा रहे थे, तभी नेवरा क्षेत्र में वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को उपचार के लिए सूरजपुर जिला अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह वाहन की तेज रफ्तार बताई जा रही है। बताया गया कि चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप पलट गई। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।




