अम्बिकापुर
अंबिकापुर में 21 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

सरगुजा जिले में अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अंबिकापुर के नया बस स्टैंड के पीछे से दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 21 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 4 लाख 28 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक प्लास्टिक बोरे में गांजा रखकर ग्राहक की तलाश में घूम रहे हैं। घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपियों की पहचान उत्तरप्रदेश और बिहार के रहने वाले युवकों के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान 3090 रुपये नगद भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा उड़ीसा से लाकर बनारस ले जाने की फिराक में थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया है।




