“ऑपरेशन शंखनाद : पुलिस की बड़ी सफलता, 37 गौवंशों को तस्करी से कराया मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार

जशपुर जिले में गौ-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत जशपुर पुलिस को एक बार फिर बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से कुल 37 नग गौ वंशों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया है। इसके साथ ही एक आरोपी गाजिंदर लोहरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में 21 गौवंशों को छुड़ाया गया, जबकि चौकी मनोरा क्षेत्र से 16 गौवंशों को बरामद किया गया है। पुलिस की तत्परता से दोनों ही घटनाओं में गौवंशों को सुरक्षित बचा लिया गया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी गाजिंदर लोहरा झारखंड के गोविंदपुर का निवासी है और वह अफसर खान नामक व्यक्ति के निर्देश पर पशुओं को ले जा रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत अब तक 1100 से अधिक गौवंशों को तस्करों से मुक्त कराया गया है और 128 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों और टीम की सतर्कता और मुस्तैदी से यह कार्रवाई सफल रही। ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा।




