जशपुर

मॉडिफाइड बोलेरो के गुप्त चेम्बर से लाखों का गांजा जब्त, 3 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

होली पर्व से पहले जशपुर पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन “आघात” के तहत मॉडिफाइड बोलेरो वाहन से 18.4 किलो गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो ओड़िसा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के सिंगरौली जा रहे थे।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश पासिंग बोलेरो में गांजा की बड़ी खेप जशपुर जिले से होकर गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर थाना कुनकुरी पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।बीती रात वाहन क्रमांक एम.पी. 66 जेड.एच. 6806 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के नीचे बनाए गए गुप्त चेंबर से 18.4 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही 14 लाख कीमत की बोलेरो, मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त किया गया।

Advertisement

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोलारमन यादव (61), शिवराम यादव (26) और रामेश्वर यादव (30) निवासी जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें गांजा ओड़िसा में मौजूद एक रिश्तेदार ने उपलब्ध कराया था, जिसे सिंगरौली में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। गांजा उपलब्ध कराने वाले रिश्तेदार को भी आरोपी बनाया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है।

इसी कड़ी में सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने 28 फरवरी को किराए के मकान में डंप किए गए 24.840 किलो गांजा, जिसकी कीमत 12.42 लाख रुपये है, जब्त कर दो आरोपियों सुनील भगत उर्फ गोविंदा और रवि विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है।फिलहाल जशपुर पुलिस की एंड-टू-एंड जांच जारी है और होली से पहले नशे के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button