25 की उम्र में बड़ी उड़ान, विधायक बनीं मैथिली ठाकुर, अलीनगर से दर्ज की ऐतिहासिक जीत

बिहार की राजनीति में आज एक नया इतिहास लिखा गया है। मशहूर लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने अलीनगर विधानसभा सीट से शानदार जीत दर्ज करते हुए सिर्फ 25 वर्ष की उम्र में राज्य की सबसे युवा विधायक बनने का गौरव हासिल कर लिया है।
अलीनगर से भाजपा प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरीं मैथिली ठाकुर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 11,730 वोटों से हराया। उनकी यह जीत सिर्फ राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि कला और प्रतिभा की उस लंबी यात्रा का भी मुकाम है, जिसे उन्होंने बचपन से गढ़ा था।
संगीतमयी परिवार में जन्मीं मैथिली को उनके दादा और पिता से ही लोकगीत, शास्त्रीय संगीत और हारमोनियम-तबला का प्रशिक्षण मिला। उनकी असाधारण प्रतिभा को पहचानते हुए परिवार दिल्ली शिफ्ट हुआ, जहां केवल 10 साल की उम्र में मैथिली ने स्टेज परफॉर्मेंस देना शुरू कर दिया।
11 साल की उम्र में ‘सारेगामापा लिटिल चैंप्स’, फिर 15 में ‘इंडियन आइडल जूनियर’, और 16 में ‘आई जीनियस यंग सिंगिंग स्टार’ का खिताब—मैथिली ने संगीत की दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना ली थी। ‘राइजिंग स्टार’ में वह महज दो वोट से रनरअप रहीं, लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता इस कदर बढ़ी कि यूट्यूब और फेसबुक पर उनके वीडियो वायरल होने लगे।अपने भाइयों के साथ लोकगीतों और भजन की प्रस्तुतियों ने उन्हें देश-विदेश में पहचान दिलाई।
अब वही मैथिली ठाकुर राजनीति में नई पारी खेलने उतरीं और 14 अक्टूबर को भाजपा में शामिल हुईं। पहली ही बार चुनाव लड़कर उन्होंने शानदार जीत दर्ज की है।उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर लगातार बधाइयाँ दे रहे हैं। संगीत से राजनीति तक का यह सफर बताता है कि प्रतिभा और समर्पण किसी भी क्षेत्र में नई राहें खोल सकते हैं।




