ऑपरेशन मुस्कान : 6 गुम बच्चे सकुशल बरामद, दो अपहरणकर्ता गिरफ्तार

जशपुर पुलिस ने एक बार फिर ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 6 गुम बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। इनमें 5 नाबालिक बच्चियां और एक 10 वर्षीय बालक शामिल हैं। पुलिस की संवेदनशील कार्रवाई से पांच परिवारों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है।
चौकी आरा क्षेत्र से एक साथ चार नाबालिक बच्चियां लापता हो गई थीं, जिनकी उम्र 13 से 15 वर्ष के बीच थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। महज कुछ घंटों के भीतर चारों बच्चियों को आरा क्षेत्र से ही खोज निकाला गया। पूछताछ में सामने आया कि वे बिना बताए घूमने निकल गई थीं। चाइल्डलाइन की काउंसलिंग के बाद सभी को परिजनों को सौंप दिया गया।
इसी तरह थाना जशपुर क्षेत्र से लापता 16 वर्षीय नाबालिक लड़की को पुलिस ने रायगढ़ से बरामद किया। उसे बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले आरोपी अजय यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। आरोपी पर POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं थाना सन्ना क्षेत्र से अपहृत 10 वर्षीय बालक को भी पुलिस ने आरोपी सुनील राम नगेसिया के कब्जे से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा है। आरोपी रिश्तेदारी का फायदा उठाकर बालक को लेकर फरार हुआ था। उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है और ऑपरेशन मुस्कान लगातार जारी रहेगा। अब तक इस अभियान के तहत 156 गुम बच्चों को खोजकर सुरक्षित परिजनों को सौंपा जा चुका है।




