ऑपरेशन साइबर शील्ड: 59 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार….

रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत एक बड़े साइबर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा दिलाने का लालच देकर लाखों रुपए की ठगी की थी।प्रार्थी विकास लाहोटी, निवासी जयश्री विहार पंडरी, रायपुर ने रेंज साइबर थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनसे शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 59 लाख रुपए की ठगी की गई है। इस पर अपराध क्रमांक 04/24, धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज, अमरेश मिश्रा के निर्देश पर टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि पश्चिम बंगाल निवासी प्रताप पात्रा फर्जी कंपनियां बनाकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाता था और अपने साथियों की मदद से अलग-अलग राज्यों में लोगों को ठगता था।
आरोपी के बैंक खातों से जुड़े 66 से अधिक मामले देशभर के विभिन्न पुलिस थानों और साइबर सेल में दर्ज पाए गए। टीम ने पश्चिम बंगाल से आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
प्रताप पात्रा, पिता धनंजय पात्रा, उम्र 33 वर्ष, स्थायी पता – दक्षिण 24 परगना, पश्चिम बंगाल।




