नर्स की हत्या का खुलासा, बॉयफ्रेंड ने चाकू मारकर की थी हत्या, हुआ गिरफ्तार.

रायपुर – टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक नर्स की उसके ही बॉयफ्रेंड ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। 23 वर्षीय प्रियंका दास की लाश उसके कमरे में खून से सनी हालत में मिली। प्रियंका एक निजी अस्पताल में नर्स थी और मनेंद्रगढ़ की रहने वाली थी। वह रायपुर में अपनी सहेलियों के साथ किराए के मकान में रहती थी।
घटना के बाद मौके पर पहुंची टिकरापारा पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच की और कुछ ही घंटों में आरोपी दुर्गेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, प्रियंका और दुर्गेश के बीच पिछले एक साल से प्रेम संबंध थे। लेकिन दुर्गेश को शक था कि प्रियंका किसी और लड़के से बात करती है। इसी शक में उसने सब्जी काटने वाला चाकू खरीदकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दे दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने घटना को आत्महत्या दिखाने की कोशिश भी की, उसने चाकू मृतका के हाथ में पकड़ाकर मौके से फरार हो गया। एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की मदद से पुलिस ने आरोपी को गुढ़ियारी से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाने में हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।




