ऑपरेशन अंकुश: 6 करोड़ की ठगी करने वाली सी बुल्स कम्पनी के 3 फरार आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

जशपुर – करोड़ों की ठगी करने वाली सी बुल्स ग्लोबल कंपनी के तीन फरार आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। ऑपरेशन अंकुश के तहत जशपुर पुलिस ने झारखंड के बोकारो और रांची से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ठगी का यह मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है, जहां मदनपुर निवासी जागेश्वर लाल यादव ने 6 करोड़ की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपियों ने “सी बुल्स ग्लोबल सॉल्यूशन” कंपनी बनाकर ग्रामीणों को निवेश पर 1% रोज ब्याज और 10 महीनों में रकम तीन गुना करने का लालच दिया था। शुरुआत में कुछ महीनों तक ब्याज देकर भरोसा जीता गया, लेकिन बाद में कंपनी अचानक बंद कर दी गई और आरोपी फरार हो गए।
निवेशकों से अलग-अलग जगह—कोरबा, चांपा, अंबिकापुर, घरघोड़ा, बिलासपुर—में मीटिंग कर करोड़ों की रकम जमा की गई। यहां तक कि निवेशकों के आधार-पैन लेकर उन्हें फर्जी “सहयोग निधि” और “फाइनेंस” कंपनियों का डायरेक्टर बनाकर गुमराह किया गया।
पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। लेकिन मुख्य आरोपी—कंपनी का स्वयंभू एमडी मोहम्मद सिराज आलम, उसका पार्टनर इमरान खान और सहयोगी संतोष कुमार साव—लगातार फरार थे। तकनीकी टीम की मदद से जशपुर पुलिस ने बोकारो में सिराज आलम और रांची में इमरान व संतोष को दबोच लिया। उनके पास से मोबाइल, दस्तावेज, बैंक डिटेल और लैपटॉप भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह पूरा खेल एक पोंजी स्कीम जैसा था—नए निवेशकों की रकम से पुराने निवेशकों को ब्याज दिया जाता था। जब नए लोग जुड़ना बंद हुए, तो आरोपी करोड़ों लेकर फरार हो गए, तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस कंपनी के बैंक खातों और लैपटॉप डाटा की बारीकी से जांच कर रही है।




