ऑपरेशन अंकुश : युवती की अश्लील वीडियो वायरल करने वाला आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार, भेजा गया जेल

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक युवती की अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी दिल्ली में छिपा हुआ था, जिसे जशपुर पुलिस की टीम ने ऑपरेशन अंकुश के तहत धर दबोचा। युवती को ब्लैकमेल कर एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी।
मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवती से सोशल मीडिया के ज़रिए दोस्ती कर, अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया गया। आरोपी कंवलजीत सिंह उर्फ गुरदित सिंह, जो दिल्ली के तिलक नगर क्षेत्र का रहने वाला है, इंस्टाग्राम के माध्यम से युवती से संपर्क में आया और वीडियो कॉल के जरिए बातचीत के दौरान उसकी अश्लील वीडियो बना ली। बाद में आरोपी ने एक लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वह वीडियो को वायरल कर देगा। जब युवती ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने युवती के फेसबुक अकाउंट को हैक कर उसकी अश्लील वीडियो स्टोरी में अपलोड कर दी।
घटना की शिकायत के बाद कुनकुरी थाने में आईपीसी की धारा 506, 384 और आईटी एक्ट की धारा 67, 67(A)(B) के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को पकड़ने के लिए जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम लगातार निगरानी में जुटी रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम को दिल्ली रवाना किया गया, जहाँ तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की मदद से आरोपी को गुरुनानक नगर इलाके से गिरफ्तार किया गया।
SSP शशिमोहन सिंह ने कहा :
“जशपुर पुलिस महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों के प्रति बेहद संवेदनशील है। आरोपी को पकड़ने में हमारी साइबर सेल और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। ऑपरेशन अंकुश लगातार जारी रहेगा।”
ऑपरेशन अंकुश के तहत जशपुर पुलिस की यह कार्रवाई बताती है कि साइबर अपराध करने वालों को अब भीड़ में भी छिपने की जगह नहीं मिलेगी। सोशल मीडिया पर गलत मंशा से किए गए जुर्म का अंत जेल की सलाखों में ही होगा।




