बिलासपुर

30 मार्च को पीएम मोदी 33,700 करोड़ की विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास..

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मार्च को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर पहुंच रहे हैं, जहाँ वे 33,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में बिजली, तेल-गैस, रेलवे, सड़क, शिक्षा और आवास से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। पीएम मोदी बिलासपुर के मोहभट्टा में आमसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरे से राज्य को बेहतर कनेक्टिविटी और तेज़ विकास की उम्मीद है।

Advertisement

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मार्च को बिलासपुर आएंगे, जहां वे एनटीपीसी, रेलवे और पीएम आवास योजना समेत कई बड़ी योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। 9,790 करोड़ रुपये की लागत वाली एनटीपीसी सीपत सुपर थर्मल पावर परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी की 15,800 करोड़ रुपये की सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर परियोजना की शुरुआत होगी। पावरग्रिड की 560 करोड़ रुपये की तीन विद्युत पारेषण परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री 2700 करोड़ रुपये की सौगात देने जा रहे हैं।

Advertisement

111 किलोमीटर लंबाई की 3 रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा।108 किलोमीटर लंबाई की 7 नई रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। सड़क नेटवर्क को मज़बूत करने के लिए 1,270 करोड़ रुपये की लागत से 3 प्रमुख हाईवे परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी। प्रधानमंत्री राज्य के 29 जिलों में 130 पीएम श्री स्कूलों और रायपुर में विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना – ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत 3 लाख लाभार्थियों का गृह प्रवेश होगा। कुछ लाभार्थियों को पीएम मोदी स्वयं चाबियां सौंपेंगे।

पीएम मोदी के इस दौरे से छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति मिलेगी। 33,700 करोड़ की इन परियोजनाओं से बिजली, परिवहन, शिक्षा और आवास के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button