केन्द्रीय बजट को जनता तक पहुँचाने बीजेपी की प्रदेश स्तरीय समिति गठित, अमर अग्रवाल बने संयोजक

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – केन्द्रीय बजट को आम जनता तक सरल और सहज भाषा में पहुँचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ ने प्रदेश स्तरीय समिति का गठन किया है। यह समिति भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देशानुसार गठित की गई है।समिति के संयोजक के रूप में पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं समिति में ओ.पी. चौधरी, सौरभ सिंह, नंदन जैन, अखिलेश सोनी और अमित चिमनानी को सदस्य बनाया गया है।
समिति गठन के अवसर पर संयोजक अमर अग्रवाल ने कहा कि एक फरवरी को देश का केन्द्रीय बजट संसद में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं होता, बल्कि यह सरकार की सोच, प्राथमिकताओं और देश की दिशा को दर्शाता है।अमर अग्रवाल ने कहा कि आम नागरिक के लिए बजट की जटिल आर्थिक भाषा को समझना आसान नहीं होता। इसी कारण प्रत्येक प्रदेश में ऐसी समितियों का गठन किया गया है, ताकि प्रेस के माध्यम से और प्रत्यक्ष संवाद कर बजट की प्रमुख बातें सरल भाषा में जनता तक पहुँचाई जा सकें।
उन्होंने आगे बताया कि समिति का उद्देश्य बजट प्रस्तुत होने के बाद उसके सभी पहलुओं को आम जनता तक पहुँचाना है, ताकि लोग यह समझ सकें कि सरकार ने किन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है और देश की अर्थव्यवस्था किस दिशा में आगे बढ़ रही है।




