AI से बनाये छात्राओं के अश्लील फ़ोटो, संस्थान ने छात्र को किया सस्पेंड.

राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है। नया रायपुर स्थित IIIT संस्थान के एक छात्र ने 36 छात्राओं की तस्वीरों को AI तकनीक से अश्लील रूप में तैयार कर दिया।सूत्रों के अनुसार, आरोपी छात्र के लैपटॉप से करीब 1 हजार तस्वीरें बरामद की गई हैं।
छात्राओं की शिकायत के बाद संस्थान ने आरोपी को निलंबित तो कर दिया, लेकिन पुलिस में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई, जिससे संस्थान पर मामले को दबाने के आरोप लग रहे हैं।
सूचना मिलते ही राखी थाना पुलिस IIIT कैंपस पहुंची और प्रबंधन से चर्चा की। IIIT के रजिस्ट्रार प्रोफेसर श्रीनिवास ने बताया कि 6 अक्टूबर की सुबह शिकायत मिलते ही महिला सदस्यों की एक समिति गठित की गई थी। छात्राओं से बातचीत कर उसी दिन छात्र को सस्पेंड किया गया है। अब छात्राओं की सहमति के बाद आगे की कार्रवाई समिति की रिपोर्ट पर आधारित होगी।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के लिए पूरी जानकारी जुटाई जा रही है, और शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




