नक्सलियों ने दो पूर्व सरपंचों की कर दी निर्मम हत्या….

बीजापुर – जिले में नक्सलियों ने अपनी बर्बरता का प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में दो पूर्व सरपंचों की हत्या कर दी। यह घटनाएं भैरमगढ़ थाना क्षेत्र और नैमेड थाना क्षेत्र में हुईं, जहां नक्सलियों ने अलग-अलग स्थानों से दोनों पूर्व सरपंचों का अपहरण कर उनकी निर्मम हत्या कर दी।
पहली घटना भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के बिरयाभूमि गांव की है, जहां 2 नवंबर को पूर्व सरपंच सुकलु फरसा को नक्सलियों ने अगवा किया था। दूसरी घटना नैमेड थाना क्षेत्र की है, जहां मुर्गा बाजार से पूर्व सरपंच सुखराम अवलम को नक्सलियों ने अपहरण कर लिया।
नक्सलियों ने पूर्व सरपंच सुकलु फरसा की हत्या के बाद उनके शव पर एक प्रेस नोट छोड़ा। इसमें माओवादियों ने फरसा पर भाजपा से जुड़ने का आरोप लगाया और दावा किया कि उन्हें तीन बार पार्टी से दूरी बनाने की चेतावनी दी गई थी। चौथी बार चेतावनी न मानने पर उनकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इन घटनाओं ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।




