ननकीराम कंवर ने केंद्रीय नेतृत्व को लिखी चिट्ठी, नए कार्यकर्ताओं को मौका देने की अपील..

छत्तीसगढ़ में चुनावी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-मंडलों में नियुक्तियों की संभावनाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच, प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा को पत्र लिखकर निगम-मंडलों में पुराने पदाधिकारियों को दोबारा जिम्मेदारी न देने की गुजारिश की है।
कंवर ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि 2003 से 2018 तक भाजपा सरकार के दौरान निगम-मंडलों में जिन लोगों को पद मिले, उनके गलत निर्णयों और कार्यप्रणाली की वजह से पार्टी को 2018 के विधानसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा।
उन्होंने आग्रह किया कि पुराने पदाधिकारियों को दरकिनार कर नए, निष्ठावान और ईमानदार कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाए, जिन्हें अब तक सरकार में काम करने का मौका नहीं मिला है।

उनकी इस चिट्ठी को लेकर पार्टी के भीतर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व निगम-मंडलों में नई नियुक्तियों को लेकर गंभीर मंथन कर रहा है और जल्द ही इस पर फैसला लिया जा सकता है।




