मां बनी कातिल: ढाई साल के मासूम की पत्थर से हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायगढ़ जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। थाना कापू क्षेत्र के ग्राम पारेमेर फिटिंगपारा में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। आरोपी महिला ने पहले गुमशुदगी और अपहरण की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सच्चाई ज्यादा देर छुप नहीं सकी।
घटना का खुलासा तब हुआ जब 19 अप्रैल को बच्चे के पिता बोधसाय मंझवार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल को जब वह जंगल गया था, उस दौरान घर में पत्नी और दोनों बच्चे थे। शाम को बेटी अकेले घर लौटी और बताया कि मां छोटे भाई को लेकर जंगल की ओर गई है। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने जंगल में तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
दो दिन की खोजबीन के बाद 18 अप्रैल की रात रानीगौवा पहाड़ के पास खाई में मासूम अनुज का शव बरामद हुआ। बच्चे के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और घटनास्थल से खून के धब्बे व पत्थर भी मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अपराध दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में लिया और वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में आरोपी मां ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि रास्ते में बच्चे के चलने से इनकार करने पर गुस्से में उसने उसे जमीन पर पटककर पत्थर से वार कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस मामले में सख्त संदेश देते हुए कहा है कि ऐसे जघन्य अपराधों पर रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई करेगी।




