छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार सुस्त, उमस से बेहाल लोग….अच्छी बारिश का इंतजार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – प्रदेश में मानसून की रफ्तार अब भी सुस्त बनी हुई है। पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, जबकि अच्छी बारिश का इंतजार अभी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल व्यापक बारिश के आसार कम हैं, हालांकि कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में सरगुजा संभाग के अधिकांश स्थानों और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में इस सीजन की कुल बारिश अब भी सामान्य से 24 प्रतिशत कम बनी हुई है।सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज किया गया। वहीं खरोरा में 11 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 13 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन पूरे प्रदेश में व्यापक और लगातार बारिश की संभावना फिलहाल कम है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मॉनसून द्रोणिका और अन्य मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, लेकिन उनका प्रभाव सीमित रहने के कारण अधिकांश क्षेत्रों में केवल छिटपुट बारिश ही देखने को मिल सकती है।मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है। ऐसे में लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है। वहीं उमस से राहत के लिए लोगों की निगाहें अब अच्छी मानसूनी बारिश पर टिकी हुई हैं।




