छत्तीसगढ़ में मानसून फिर हुआ सक्रिय, भारी बारिश का अलर्ट, 26 जून से पूरे प्रदेश में व्यापक वर्षा की संभावना

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – प्रदेश में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले एक सप्ताह तक अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है, वहीं एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी अगले पांच दिनों तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस माना में और सबसे कम 22 डिग्री पेंड्रारोड में दर्ज किया गया।
दक्षिण उत्तर प्रदेश के मध्य भागों में 5.8 किमी ऊँचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय है। इसके साथ ही, एक द्रोणिका रेखा उत्तरप्रदेश से होते हुए झारखंड, ओडिशा और बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर भी 7.6 किमी तक ऊपरी हवा का एक और चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है, जिससे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियाँ और तेज हो सकती हैं।
आज 24 जून को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। वहीं एक-दो स्थानों पर अंधड़ चलने और वज्रपात की आशंका भी है। 26 जून से पूरे छत्तीसगढ़ में व्यापक वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसूनी बादल सक्रिय हैं और कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर शुरू होने वाला है। बारिश के साथ बिजली गिरने और अंधड़ जैसी घटनाओं की आशंका के चलते आपसे अनुरोध है कि सावधानी बरतें।



