छत्तीसगढ़ के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मॉनसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है और आने वाले दो दिन यानी 19 और 20 जून राज्यवासियों के लिए सावधानी बरतने के दिन हैं। मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं बिलासपुर संभाग में भी मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जबकि जशपुर और बलरामपुर में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री पेंड्रारोड में रहा।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, 19 और 20 जून को सरगुजा संभाग के अंबिकापुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया और जशपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर मूसलधार बारिश हो सकती है।
बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और जांजगीर-चांपा जिलों में भी मध्यम से भारी वर्षा की संभावना है। विभाग ने वज्रपात और गरज-चमक के साथ तेज अंधड़ चलने की आशंका भी जताई है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे खुले स्थानों पर जाने से बचें, पेड़ के नीचे खड़े न हों और बिजली से सतर्क रहें।




