हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, अज्ञात ईमेल से मचा हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक अज्ञात ईमेल मिला। धमकी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और पूरे परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई।मिली जानकारी के मुताबिक सुबह हाईकोर्ट प्रशासन को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें न्यायालय परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रजनेश सिंह खुद टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे हाईकोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।प्रवेश और निकास द्वारों पर सख्त चेकिंग शुरू कर दी गई है। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी तैनात किया गया है। परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में उच्च न्यायालयों और जिला न्यायालयों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिलते रहे हैं। छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भी ऐसे मामले सामने आए थे, हालांकि जांच में अब तक आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है।
फिलहाल पुलिस और साइबर एक्सपर्ट्स की टीम ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। सर्वर, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है और जांच पूरी होने तक सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।बिलासपुर हाईकोर्ट को मिली धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं, वहीं आम लोगों से भी अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।




