सूखे नशे पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 12 गिरफ्तार….40 लाख का नशे का सामान जब्त

राजधानी रायपुर में पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों पर कड़ा प्रहार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में अलग-अलग चार मामलों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 42 किलो गांजा, 2200 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट और 1.53 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
कोतवाली थाना क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर संचालक समेत तीन लोगों को 1700 अल्प्राजोलम टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया गया। बिना वैध दस्तावेज के नशीली दवाइयों की बिक्री की जा रही थी, जिसके बाद दुकान को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वहीं गंज थाना क्षेत्र में दो आरोपी ट्रेन के अटेंडर के जरिए एमडीएमए मंगाकर बेच रहे थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।पंडरी थाना क्षेत्र में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ, जहां पांच तस्करों को 42 किलो गांजा और एक चारपहिया वाहन के साथ पकड़ा गया। इस गिरोह के तार महाराष्ट्र और ओडिशा से जुड़े पाए गए हैं।
इसके अलावा डीडी नगर थाना क्षेत्र में भी 500 नशीली टेबलेट के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के मुताबिक कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद अब तक 24 मामलों में 56 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। रायपुर पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।




