पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियारों के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

रायगढ़ जिले की जूटमिल पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने ट्रांसपोर्टनगर इलाके से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक सिंगल बैरल बंदूक बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथलेश महतो और नितेश राय के रूप में हुई है, जो जूटमिल क्षेत्र के निवासी हैं, लेकिन दोनों की मूल पृष्ठभूमि बिहार की है।
पुलिस को यह सफलता पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला के निर्देशन में मिली। मुखबिर से मिली सूचना पर थाना प्रभारी प्रशांत राव ने टीम गठित कर अमलीभौना रोड पर घेराबंदी की और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मिथलेश महतो पर पूर्व में हत्या, आगजनी और अवैध शराब तस्करी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनके आपराधिक नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ प्रधान आरक्षक मो. दिलदार कुरैशी, आरक्षक तरुण महिलाने, धनेश्वर उरांव, जितेश्वर चौहान, शशिभूषण साहू और नरेश रजक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसपी दिव्यांग पटेल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए इसे जिले में अपराध पर कड़ा प्रहार बताया है।




