रायगढ़

मां-बेटी की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश में पड़ोसी ने ही की थी हत्या.

रायगढ़ से एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का खुलासा महज 48 घंटों में कर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुसौर थाना क्षेत्र के संवरा पारा में हुई मां-बेटी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने पड़ोसी युवक शुभम सेठ को गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisement

घटना 15 अप्रैल की है, जब संवरा पारा निवासी उर्मिला संवरा (50 वर्ष) और उनकी बेटी पूर्णिमा संवरा (24 वर्ष) के शव एक निर्माणाधीन मकान के मलबे से बरामद हुए। शव मिलने के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला, एसपी दिव्यांग पटेल समेत पुलिस व फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच तेज़ कर दी गई।

Advertisement

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों जैसे CCTV फुटेज, कॉल डिटेल और मौके की बारीकी से जांच कर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की। सुराग जुटाने के बाद शक की सुई मृतिकाओं के पड़ोस में किराना दुकान चलाने वाले शुभम सेठ पर आकर टिक गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर चौंकाने वाला खुलासा किया।

आरोपी शुभम ने बताया कि उसका मृतिका पूर्णिमा से कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में 14 अप्रैल की रात वह हथियार लेकर घर की छत से अंदर घुसा और सो रही पूर्णिमा पर वार कर दिया। मां उर्मिला जब बीच-बचाव करने आई, तो उसने उन पर भी हमला कर दिया। हत्या के बाद शवों को निर्माणाधीन मकान में छुपा दिया और खून के निशान साफ कर रायपुर भाग गया।

सबूत भी बरामद
पुलिस ने आरोपी के बताए अनुसार खून से सने कपड़े, लकड़ी का खुरा, क्रिकेट बैट और अन्य सबूत बरामद किए हैं। शुभम सेठ (20 वर्ष), निवासी बिरसामुंडा चौक, मुडीताल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया और उसे रिमांड पर भेजा गया है।

इस त्वरित कार्रवाई में एसपी दिव्यांग पटेल, एडिशनल एसपी आकाश मरकाम, सीएसपी आकाश शुक्ला, डीएसपी अनिल विश्वकर्मा के नेतृत्व में थाना पुसौर की टीम ने बेहतरीन तालमेल और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया।

रायगढ़ पुलिस की इस कार्यकुशलता से एक जघन्य हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिससे आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

Related Articles

Back to top button