
(आशीष मौर्य संपादक ) : बिलासपुर – थाना तखतपुर पुलिस ने नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत फरार चल रहे आरोपी शिक्षक अशोक कुमार कुर्रे को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मामले की शुरुआत 21 अप्रैल 2025 को हुई, जब पीड़िता के परिजन थाना तखतपुर पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 फरवरी 2025 को आरोपी शिक्षक अशोक कुर्रे ने नाबालिग छात्रा के साथ अशोभनीय हरकत (बेड टच) की थी।
रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी थी, लेकिन आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचता रहा।यह मामला महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित गंभीर अपराध की श्रेणी में होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अर्चना झा तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नूपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी देवेश सिंह राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
सूचना मिलने पर टीम ने बिलासपुर शहर में छिपे आरोपी की घेराबंदी कर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर थाना तखतपुर लाया गया। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।इस कार्रवाई में निरीक्षक देवेश सिंह राठौर, आरक्षक आशीष वस्त्रकार, रवि श्रीवास और सुनील सूर्यवंशी का सराहनीय योगदान रहा।




