जून 2025: आपके वित्तीय फैसलों के लिए 5 अहम बदलाव..

जून का महीना आपके पैसों के लिए बहुत अहम है – नियम बदल रहे हैं, फायदे मिल सकते हैं और कुछ चीज़ें अगर अभी नहीं कीं, तो बाद में पछताना पड़ सकता है। जानिए पांच बड़ी बातें, जो इस महीने आपको ध्यान रखनी चाहिए:
1. क्रेडिट कार्ड पर चूके, तो देना होगा जुर्माना
1. जून से क्रेडिट कार्ड से कोई भी बिल या ईएमआई का ऑटो-डेबिट फेल हुआ, तो बैंक 2% तक जुर्माना लगा सकते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं – बिजली, पानी, गैस या पेट्रोल-डीजल जैसी सेवाओं का भुगतान अगर क्रेडिट कार्ड से करेंगे, तो अतिरिक्त चार्ज भी देना पड़ सकता है।
बैंक रिवॉर्ड पॉइंट्स की शर्तों में भी बदलाव कर सकते हैं – तो क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने से पहले नियम ज़रूर पढ़ लें।
2. पीएफ अकाउंट धारकों के लिए खुशखबरी
EPFO यानी कर्मचारी भविष्य निधि संगठन जून में नया सिस्टम वर्जन 3.0 लॉन्च कर सकता है।
इससे पीएफ का पैसा निकालना, क्लेम करना और जानकारी अपडेट करना पहले से कहीं ज़्यादा आसान हो जाएगा। साथ ही, संभावना है कि जून से एटीएम के ज़रिए भी पीएफ का पैसा निकाला जा सकेगा।
3. एफडी (FD) पर ब्याज दर घट सकती है
6 जून को RBI की मॉनेटरी पॉलिसी मीटिंग है।
अगर RBI रेपो रेट कम करता है, तो बैंकों में फिक्स्ड डिपॉजिट पर मिलने वाला ब्याज भी घट सकता है।
अभी FD पर 6.5% से 7.5% तक ब्याज मिल रहा है – अगर आप एफडी करवाने की सोच रहे हैं, तो जल्द फ़ैसला लेना समझदारी हो सकता है।
4. आधार कार्ड में सुधार का सुनहरा मौका
अगर आपके आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि या लिंग जैसी कोई जानकारी गलत है, तो 14 जून 2025 तक आप इन्हें फ्री में ऑनलाइन ठीक कर सकते हैं। इसके बाद हर बार बदलाव के लिए ₹50 देने होंगे और आधार केंद्र पर जाना पड़ेगा। सुधार के लिए myAadhaar पोर्टल पर जाकर अपडेट कर सकते हैं।
5. सैलरी वालों के लिए जरूरी – फॉर्म-16 मिलेगा 15 जून तक
अगर आप नौकरीपेशा हैं, तो इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरने के लिए फॉर्म-16 का इंतजार करें। आपके नियोक्ता को 15 जून तक यह फॉर्म जारी करना अनिवार्य है। इसमें आपकी सैलरी और TDS (कटे हुए टैक्स) की पूरी जानकारी होती है – इसके बिना ITR फाइल करना मुश्किल हो सकता है।




