बिलासपुर
जेसीबी टायर में हवा भरते वक्त ब्लास्ट, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर, हेल्पर की मौत

बिलासपुर के बोदरी स्थित फॉर्च्यून एलीमेंट कॉलोनी में हुए दर्दनाक हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। जेसीबी मशीन के बड़े टायर में हवा भरने के दौरान हुए जोरदार ब्लास्ट में एक हेल्पर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर घायल हो गए। हादसे की पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कुछ कर्मचारी जेसीबी के बड़े टायर में हवा भर रहे हैं। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाके के साथ टायर फट जाता है। ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि टायर का डिस्क और अन्य हिस्से हवा में उछलकर पास खड़े लोगों को जा लगे। हादसे में हेल्पर उमांकात कौशिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टायर मिस्त्री ओसामा, चालक भूपेन्द्र राव और अमृत लाल यादव घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। वहीं सामने आया सीसीटीवी वीडियो इस हादसे की भयावहता को साफ तौर पर दिखा रहा है।




