लकड़ी तस्करों का कहर – डिप्टी रेंजर पर कुल्हाड़ी और रॉड से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के कोटा परियोजना मंडल के सेमरिया बीट से बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ लकड़ी तस्करों ने वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। डिप्टी रेंजर अरविंद बंजारे पर तस्करों ने कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड और लाठियों से हमला किया। बुरी तरह घायल डिप्टी रेंजर को पहले कोटा अस्पताल और फिर गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है।
घटना रविवार रात करीब 12 बजे की है, जब वन विकास निगम की टीम को सेमरिया बीट में अवैध सागौन कटाई की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुँच कर घेराबंदी की, लेकिन तभी करीब 8 से 10 की संख्या में मौजूद तस्करों ने अचानक हमला बोल दिया।
डिप्टी रेंजर बंजारे ने आखिरी दम तक विरोध किया और तस्करों को लकड़ी और वाहन ले जाने नहीं दिया। उनकी इस बहादुरी की निगम अफसरों ने सराहना की है।
हमले के बाद तस्कर मौके से फरार हो गए। लेकिन टीम ने ट्रैक्टर, एक पिकअप वाहन और 17 सागौन लट्ठों को जब्त किया है। मंडल प्रबंधक सत्यदेव शर्मा ने बताया कि हमारे डिप्टी रेंजर ने बहादुरी से मुकाबला किया। तस्करों की पहचान की जा रही है, और सभी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
जब्त वाहन नंबर सीजी-07-ADW-4478 के आधार पर पुलिस तस्करों की तलाश में जुटी है। वन विभाग की लिखित शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सेमरिया की यह घटना न केवल वन कर्मियों की सुरक्षा पर सवाल उठाती है, बल्कि जंगलों में चल रही तस्करी की जमीनी हकीकत भी सामने लाती है। अब देखना है कि पुलिस और विभाग मिलकर तस्करों को कब तक सलाखों के पीछे पहुँचाते हैं।




