रायगढ़

दो वाहनों से ₹3.64 लाख का अवैध कबाड़ जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

 

Advertisement

रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वाहनों से करीब साढ़े तीन लाख रुपए का स्क्रैप जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Advertisement

पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में छाल थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज की टीम ने यह कार्रवाई की। उन्हें सूचना मिली थी कि टाटा 407 और स्वराज माजदा वाहन में अवैध रूप से कबाड़ लोड कर हाटी मार्ग होते हुए छाल लाया जा रहा है।

सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए निरीक्षक भारद्वाज, उप निरीक्षक मदन पाटले और टीम ने दोनों वाहनों को मुख्य मार्ग पर रोका। जांच में पाया गया कि दोनों वाहनों में भारी मात्रा में लोहा, टीन और अन्य स्क्रैप सामग्री लोड थी।

वाहन क्रमांक CG 10 AL 4843 में करीब 26 क्विंटल स्क्रैप जिसकी कीमत ₹82,500 आंकी गई है, जबकि CG 12 AZ 3191 वाहन में 51 क्विंटल स्क्रैप था, जिसकी कीमत लगभग ₹2,82,000 है।

चालक लव कुमार कंवर और अशलम खान कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। दोनों के विरुद्ध BNSS की धारा 35(क)(ड) और BNS की धारा 303(2) के तहत इस्तगासा क्रमांक 01/2025 व 02/2025 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।

पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक मदन पाटले, प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, शंकर सिंह क्षत्री सहित अन्य स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।

छाल पुलिस की यह कार्रवाई अवैध कबाड़ कारोबारियों को सख्त संदेश देती है कि ऐसे गैरकानूनी कार्यों पर अब सख्त निगरानी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button