पति-पत्नी की तालाब में मिली लाश….

एमसीबी – जनकपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी का शव तालाब में तैरता हुआ मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। मामला जनकपुर थाना क्षेत्र के बैगा पारा का है।
सुबह स्थानीय लोगों ने तालाब में दो शव तैरते हुए देखे, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची जनकपुर पुलिस ने शवों को बाहर निकाला और उनकी पहचान रामभजन बैगा व उसकी पत्नी सीता बैगा के रूप में की। दोनों बैगा पारा के ही निवासी थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक दंपति के बीच पिछले कई दिनों से चरित्र संदेह को लेकर झगड़े हो रहे थे। घटना के दिन भी दोनों में विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि झगड़े के बाद सीता बैगा गुस्से में घर से बाहर निकली और तालाब की ओर दौड़ गई। पति रामभजन बैगा भी उसके पीछे गया, लेकिन सीता ने तालाब में छलांग लगा दी। पत्नी को बचाने के प्रयास में रामभजन भी तालाब में कूद गया, लेकिन दोनों की ही डूबने से मौत हो गई।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




