वाहन पर गिरा विशाल चट्टान, 13 लोगों की मौत, रेस्क्यू जारी

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। पांगी-उदयपुर मार्ग पर कडू नाला के पास चलती टाटा सूमो पर अचानक पहाड़ी से विशाल चट्टानें गिर गईं। इस भीषण हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही लाहौल-स्पीति पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि उदयपुर-किलाड़ सड़क एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद थी। सड़क बहाल होने के बाद टैक्सी पांगी की ओर रवाना हुई थी, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर वाहन पर आ गिरा। हादसे के बाद वाहन पूरी तरह मलबे में दब गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
रेस्क्यू टीम ने अब तक मलबे से एक घायल को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया है, जबकि अन्य यात्रियों की तलाश और मलबा हटाने का काम लगातार जारी है। प्रशासन का कहना है कि राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही सभी यात्रियों और हताहतों की अंतिम संख्या की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।




