स्कूटी सवार बदमाशों की गुंडागर्दी: तीन लोंगो पर किया जानलेवा हमला, एक गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – तोरवा थाना क्षेत्र में एक बार फिर गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। 1 मार्च की रात छठघाट के पास स्कूटी सवार बदमाशों ने तीन युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया था। इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
यह पूरा मामला तोरवा क्षेत्र के छठघाट इलाके का है, जहाँ रामाधार भारती अपने दोस्तों — हेमंत कुमार और गितेश कांत के साथ घर लौट रहे था। रास्ते में स्कूटी सवार पांच अज्ञात युवकों ने उनकी बाइक को रोक लिया, गाली-गलौज करते हुए हॉकी स्टिक व नुकीले हथियारों से हमला कर दिया। हमले में हेमंत और गितेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद तीनों ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने IPC की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। तोरवा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया और आखिरकार जगमल चौक निवासी रोहन उर्फ नानू श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है, ताकि अन्य फरार उसके साथियों का भी सुराग मिल सके।
तोरवा पुलिस की संयुक्त टीमें इस मामले को सुलझाने में जुटी हैं और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा।




