कफ सिरप तस्करी का पर्दाफाश: 5 आरोपी गिरफ्तार….

रायगढ़ पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। चक्रधरनगर थाना पुलिस ने सीमावर्ती ओडिशा से प्रतिबंधित कफ सिरप WINCEREX की अवैध तस्करी करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए 110 शीशी नशीली सिरप (कुल मात्रा 11 लीटर), एक बिना नंबर की काली बुलेट बाइक, एक पल्सर बाइक और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹3 लाख आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में की गई। 21 जून को थाना प्रभारी निरीक्षक अमित शुक्ला को सूचना मिली कि दो युवक बिना नंबर की बुलेट बाइक से ओडिशा से रायगढ़ आ रहे हैं और नशीली कफ सिरप बेचने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और मेडिकल कॉलेज मार्ग पर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान नितिन चौहान (19 वर्ष) और मनीष चंद्रा (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान मनीष के बैग से 110 शीशी प्रतिबंधित WINCEREX सिरप बरामद की गई, जिसकी कीमत ₹21,780 है। दोनों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके दो साथी — अमन साहू और भूपेंद्र साहू — पल्सर बाइक से पायलेटिंग कर रहे थे, ताकि पुलिस चेकिंग से बचा जा सके। वहीं, एक अन्य साथी लोकेश साहू ने सिरप खरीदने ₹26,000 की रकम दी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से बाइक व मोबाइल जब्त किए।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 274/2025 धारा 21, 29 NDPS एक्ट के तहत पांचों आरोपियों को न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
निरीक्षक अमित शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे, आरक्षक चंद्रकुमार बंजारे, मिनकेतन पटेल, शांति मिरी, एवं सुशील मिंज की अहम भूमिका रही।




